-भू-अर्जन शिविर का भू-स्वामियों ने किया विरोध, नोटिस और मुआवजे की जानकारी नहीं मिलने पर जताया रोष
राजापाकर/संजय श्रीवास्तव। राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के जाफरपट्टी स्थित सामुदायिक भवन परिसर में पूर्व में घोषित भू-अर्जन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अंचल कार्यालय के प्रधान सहायक राकेश रंजन, कार्यपालक सहायक बिट्टू कुमार, डाटा एंट्री ऑपरेटर मुकेश कुमार एवं राकेश कुमार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
हालांकि, शिविर में पहुंचे भू-स्वामियों ने इसका विरोध करते हुए शिविर में भाग नहीं लेने का निर्णय लिया। दर्जनों भू-स्वामियों ने हस्ताक्षरयुक्त आवेदन अंचलाधिकारी के नाम से मौके पर मौजूद राजस्व कर्मचारी को सौंपा। आवेदन में भू-स्वामियों ने कहा कि इंडस्ट्रियल पार्क के निर्माण के लिए भू-अर्जन विभाग द्वारा भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के तहत शिविर आयोजित किया गया है, लेकिन अब तक उन्हें विभाग की ओर से कोई नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है।

भू-स्वामियों का कहना था कि किसी वरीय अधिकारी ने भी मौके पर पहुंचकर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया एवं उससे संबंधित जानकारी उपलब्ध नहीं कराई है। उन्होंने यह भी कहा कि अधिग्रहित भूमि के बदले मिलने वाले मुआवजे की राशि कितनी होगी, इसकी जानकारी भी अब तक विभाग की ओर से नहीं दी गई है। इसे लेकर भू-स्वामियों में नाराजगी देखी गई।
इस संबंध में अंचलाधिकारी निशा यादव ने बताया कि भू-अर्जन का नोटिस जिला भू-अर्जन कार्यालय की ओर से दिया जाएगा। मुआवजे की राशि भी जिला भू-अर्जन कार्यालय द्वारा निर्धारित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोजित शिविर का उद्देश्य भूमि का एलपीसी (भूमि स्वामित्व प्रमाण-पत्र) तैयार कराना था। जिन भू-स्वामियों का एलपीसी तैयार होगा, भू-अर्जन प्रक्रिया में उन्हें ही प्राथमिकता के आधार पर भुगतान किया जाएगा।












