-भाकपा-माले के वरिष्ठ नेता स्वदेश भट्टाचार्य के निधन से पार्टी में शोक, अंतिम यात्रा में उमड़ी हजारों की भीड़
पटना/ललितेश्वर। भाकपा-माले पोलित ब्यूरो के सदस्य और पार्टी के संस्थापक नेताओं में शामिल 82 वर्षीय कॉमरेड स्वदेश भट्टाचार्य के निधन से पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है। सोमवार को उनके पार्थिव शरीर पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए विधायक आवासीय परिसर में हजारों की संख्या में पार्टी नेता, कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे। सभी ने उनके निधन को पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
विधायक आवासीय परिसर में रखे उनके पार्थिव शरीर पर नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पूरा परिसर लाल झंडों से पट गया था। पार्टी नेताओं ने कॉमरेड स्वदेश भट्टाचार्य के संघर्ष, विचारधारा और संगठन के निर्माण में उनके योगदान को याद किया।
श्रद्धांजलि देने वालों में भाकपा-माले के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, सांसद सुदामा प्रसाद, राजाराम सिंह कुशवाहा, विधायक संदीप सौरभ, अरुण कुमार, पार्टी के राज्य सचिव डॉ. कुणाल, धीरेन्द्र झा, ऐपवा की महासचिव मीना तिवारी और एमएलसी शशि यादव सहित पूर्व विधायक, वरिष्ठ पार्टी नेता और हजारों कार्यकर्ता शामिल रहे।

इसके बाद विधायक अरुण कुमार के आवास से उनकी अंतिम यात्रा बांसघाट के लिए रवाना हुई। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘दादा, तेरे अरमानों को हम मंजिल तक पहुंचाएंगे’ और ‘स्वदेश भट्टाचार्य तेरे अरमानों को मंजिल तक पहुंचाएंगे’ जैसे नारे लगाए।
अंतिम यात्रा में उमड़ी भीड़ और कार्यकर्ताओं के नारों से माहौल भावुक हो गया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके बताए रास्ते पर चलने तथा उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया।












