-भगत सिंह के जीवन-संघर्ष से प्रेरणा लेकर छात्र आंदोलन को आगे बढ़ाने का आह्वान
मुजफ्फरपुर, 28 सितंबर। शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) की ओर से एल.एस. कॉलेज परिसर में पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन AIDSO एल.एस. कॉलेज इंचार्ज अभिषेक कुमार ने किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने भगत सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर AIDSO जिला अध्यक्ष शिव कुमार ने कहा कि भगत सिंह का जीवन और संघर्ष आज के नौजवानों को शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सामाजिक समस्याओं के खिलाफ साहस और संघर्ष की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भगत सिंह ने क्रांति में विचारों की भूमिका को महत्वपूर्ण माना था। ऐसे में आज जरूरत केवल उन्हें याद करने की नहीं, बल्कि उनके विचारों और संघर्ष की समझ विकसित कर उसे जनआंदोलन से जोड़ने की है।

उन्होंने कहा कि भगत सिंह का ‘इंकलाब जिंदाबाद’ शोषण और अन्याय से मुक्त समाज की उनकी कल्पना से जुड़ा था। वे सामाजिक-आर्थिक असमानता और शोषण के खिलाफ संघर्ष के पक्षधर थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भी शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक समस्याओं से जुड़े सवालों पर भगत सिंह के विचारों की प्रासंगिकता पर चर्चा आवश्यक है।
शिव कुमार ने कहा कि भगत सिंह के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि उनके जीवन-संघर्ष से प्रेरणा लेकर नौजवानों को शिक्षा, संस्कृति और समाज से जुड़े सवालों पर संगठित होकर संघर्ष को आगे बढ़ाना है।
कार्यक्रम में एडवोकेट ललित कुमार झा, अली अख्तर, तानिया कुमारी, नितेश कुमार, मुनचुन कुमार, आरफजिया, प्रिंस कुमार, अंकित कुमार, शाहिद एवं सचिन कुमार सहित दर्जनों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।












