Advertisement

ब्लैकमेल कर छात्र से चार लाख नकद व सोने के गहने ऐंठने का आरोप, मुख्य आरोपी के पिता गिरफ्तार

-ब्लैकमेल कर छात्र से चार लाख नकद व सोने के गहने ऐंठने का आरोप, मुख्य आरोपी के पिता गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर। स्कूली छात्र को एडिटेड वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर जान से मारने की धमकी देने और लाखों रुपये नकद व सोने के आभूषण ऐंठने के मामले में काजीमोहम्मदपुर थाने की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने शुक्रवार को खबरा इलाके में छापेमारी कर मामले के आरोपी के पिता दुर्गेश पाठक को गिरफ्तार किया। वह मूल रूप से सीतामढ़ी जिले के नानपुर थाना क्षेत्र के कोइली गांव का रहने वाला है और वर्तमान में सदर थाना क्षेत्र के मझौलिया में रह रहा था।

मामला अघोरिया बाजार निवासी मनीषा कुमारी की ओर से 16 सितंबर को दर्ज कराई गई प्राथमिकी से जुड़ा है। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि उनके नाबालिग बेटे को एडिटेड वीडियो के माध्यम से ब्लैकमेल किया जा रहा था। मुख्य आरोपी ऋषि सुमन, अंकित कुमार और उसके साथियों ने छात्र को डराने-धमकाने और मारपीट कर करीब चार लाख रुपये नकद, 25 ग्राम सोने की चेन और करीब 75 हजार रुपये कीमत की सोने की बाली ऐंठ ली।

परिजनों के अनुसार, लगातार ब्लैकमेलिंग और प्रताड़ना से परेशान छात्र ने दो बार आत्महत्या का प्रयास भी किया। आरोप है कि वसूली गई रकम और गहने बेचकर आरोपियों ने बुलेट मोटरसाइकिल, आईफोन और दुर्गेश पाठक के नाम पर स्कूटी खरीदी।

पीड़िता जब शिकायत लेकर आरोपी के घर पहुंची तो दुर्गेश पाठक ने कथित तौर पर 15 दिनों में रुपये और गहने लौटाने का आश्वासन दिया। बाद में शिकायतकर्ता को शहर छोड़ने और पूरे परिवार की हत्या करने की धमकी दिए जाने का आरोप है।

थानाध्यक्ष चंद्र भूषण कुमार ने बताया कि गिरफ्तार दुर्गेश पाठक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस पैसों के लेनदेन और साक्ष्य छिपाने में उसकी भूमिका की जांच कर रही है। मामले में फरार मुख्य आरोपी ऋषि सुमन समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है।