Advertisement

बेला औद्योगिक क्षेत्र और मोतीपुर क्लस्टर का होगा विस्तार, बिहार में विकसित होंगे 20 नए औद्योगिक क्षेत्र

-बेला औद्योगिक क्षेत्र और मोतीपुर क्लस्टर का होगा विस्तार, बिहार में विकसित होंगे 20 नए औद्योगिक क्षेत्र

मुजफ्फरपुर। बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (बियाडा) मुजफ्फरपुर के बेला औद्योगिक क्षेत्र और मोतीपुर क्लस्टर का विस्तार करेगा। इसके साथ ही राज्य में 20 नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। अलग-अलग चरणों में कुल 516.56 हेक्टेयर भूमि पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का निर्णय लिया गया है। नई पहल में उत्तर बिहार के जिलों पर विशेष जोर दिया गया है। बेतिया और मधुबनी में नए औद्योगिक हब विकसित किए जाएंगे, जबकि मुजफ्फरपुर में पहले से स्थापित औद्योगिक क्षेत्रों का विस्तार कर बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा।
बियाडा की ओर से बेला और मोतीपुर क्लस्टर को नए औद्योगिक नेटवर्क से जोड़ने के साथ आधारभूत संरचना को भी उन्नत किया जा रहा है। इससे परिधान, चमड़ा और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी इकाइयों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। बियाडा के अनुसार, नई उद्योग नीति के तहत मुजफ्फरपुर में औद्योगिक निवेश बढ़ रहा है।


इस वर्ष बेला और मोतीपुर में 11 नई अत्याधुनिक निर्माण इकाइयों को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया पूरी की गई है। इन कंपनियों को एकल खिड़की व्यवस्था के तहत जमीन और आवश्यक प्रशासनिक स्वीकृतियां उपलब्ध कराई गई हैं। इससे दोनों औद्योगिक क्षेत्रों में नए निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावना है।
मोतीपुर क्लस्टर को हरित ऊर्जा और खाद्य प्रसंस्करण के बड़े केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। मुजफ्फरपुर बायो फ्यूल्स की ओर से यहां बड़े पैमाने पर इथेनॉल उत्पादन की योजना है। वहीं मेसर्स अन्वीरा ग्रीन एनर्जी की ओर से कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) और सीएनजी संयंत्र स्थापित किया जा रहा है। जाइरो एग्रो इंडस्ट्रीज की इकाई में आधुनिक तकनीक से प्री-बॉयल्ड राइस का प्रसंस्करण किया जाएगा।
बेला औद्योगिक क्षेत्र में भी कई नई इकाइयां स्थापित की जा रही हैं। आरएमएस सर्जिकल की ओर से डिस्पोजेबल सीरिंज और अन्य सर्जिकल सामग्री का निर्माण किया जाएगा। मेसर्स जामुनी फूड पैकेजिंग की इकाई में कागज के कप बनाए जाएंगे। इसके अलावा प्रिंस पेंट्स एंड टेक्सचर, ढांढानिया इंडस्ट्रीज, शिव शक्ति उद्योग, सूरज बेक्स और एनवायरो कंपनी को भी जगह आवंटित की गई है।
बियाडा के उप महाप्रबंधक के अनुसार, आवंटित जमीन पर नई इकाइयों के निर्माण का काम चल रहा है। बेला और मोतीपुर में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय स्तर पर निवेश, उत्पादन और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।