Advertisement

बेनीबाद में सड़क हादसे के घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

-बेनीबाद में सड़क हादसे के घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

मुजफ्फरपुर/गायघाट।दीपक। बेनीबाद थाना क्षेत्र के केवटसा गांव में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे पत्नी और चार छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, केवटसा गांव निवासी 40 वर्षीय संधीर मंडल उर्फ वकील मंडल, स्वर्गीय राम जतन मंडल के पुत्र थे। बीते 30 जून को वह खाली रसोई गैस सिलेंडर लेकर डीह जारंग स्थित गैस एजेंसी जाने के लिए घर से निकले थे। केवटसा-कटरा मोड़ पर वाहन का इंतजार करते समय गांव के ही मनीष कुमार ने तेज रफ्तार बाइक से उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।


घटना के बाद परिजनों ने उन्हें तत्काल मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कई दिनों तक उनका इलाज चला। शनिवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की मौत से पत्नी समेत चार बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। परिवार के सामने अब आर्थिक और सामाजिक संकट गहरा गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है।
इधर, बेनीबाद थानाध्यक्ष राजकुमार गौतम ने बताया कि मृतक के परिजनों का फर्द बयान दर्ज कर लिया गया है। फर्द बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कहा कि जांच के बाद आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।