-बेनीबाद के मुसहर टोला स्कूल पर मंडराया खतरा,आधी सड़क नदी में समाई
कटाव से बदहाल हुआ रास्ता, स्कूल आने-जाने वाले बच्चों की बढ़ी परेशानी
दीपक कुमार/ बेनीबाद
मुजफ्फरपुर। गायघाट प्रखंड के बेनीबाद क्षेत्र स्थित मुसहर टोला स्कूल के समीप सड़क पर बागमती नदी के कटाव का खतरा मंडरा रहा है। कटाव के कारण सड़क का करीब आधा हिस्सा नदी में समा गया है, जिससे आवागमन प्रभावित होने के साथ स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नदी के जलस्तर में वृद्धि और तेज बहाव के कारण सड़क के किनारे लगातार कटाव हो रहा है। देखते ही देखते सड़क का बड़ा हिस्सा कटकर नदी में चला गया। अब सड़क का बचा हुआ हिस्सा भी कमजोर हो गया है, जिससे कभी भी और बड़ा कटाव होने की आशंका बनी हुई है।

ग्रामीणों ने बताया कि इसी रास्ते से बच्चे स्कूल आते-जाते हैं। सड़क के किनारे कटाव बढ़ने से हादसे का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल कटावरोधी कार्य कराने तथा सड़क को सुरक्षित करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बचाव कार्य नहीं कराया गया तो सड़क का शेष हिस्सा भी नदी में समा सकता है और स्कूल तक पहुंचने का रास्ता पूरी तरह बाधित हो सकता है। इससे विद्यार्थियों के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।











