Advertisement

बीएमपी-6 रोड पर बेकाबू ट्रक ने तोड़े चार बिजली पोल, सात घंटे तक ठप रही बिजली

-बीएमपी-6 रोड पर बेकाबू ट्रक ने तोड़े चार बिजली पोल, सात घंटे तक ठप रही बिजली

मुजफ्फरपुर। जिले के बीएमपी-6 रोड पर मंगलवार की सुबह बालू लदे एक अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे लगे बिजली के चार खंभों में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों बिजली पोल टूटकर सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद इलाके की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है। वहीं, बिजली विभाग के कर्मियों ने क्षतिग्रस्त तार और पोल को हटाकर नए पोल लगाने का काम शुरू किया।
बताया गया कि हादसे के कारण सुबह करीब 9 बजे से बिजली आपूर्ति बाधित रही। विभाग की टीम ने दोपहर करीब 4 बजे तक आपूर्ति बहाल करने का लक्ष्य रखा था। बिजलीकर्मी युद्धस्तर पर काम में जुटे रहे।


लगातार करीब सात घंटे बिजली गुल रहने से स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। घरों में मोटर नहीं चलने के कारण पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गई। सुबह के समय बिजली कटने से स्कूल जाने वाले बच्चों और दफ्तर जाने वाले लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई।
वहीं, बिजली पर निर्भर दुकानों और छोटे व्यवसायिक प्रतिष्ठानों का कामकाज भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की। बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, क्षतिग्रस्त पोल और तारों की मरम्मत का काम तेजी से किया जा रहा है और जल्द ही क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद है।