Advertisement

बीएमडी महाविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर संगोष्ठी आयोजित

–बीएमडी महाविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर संगोष्ठी आयोजित

राजापाकर: दयालपुर स्थित बीएमडी महाविद्यालय के सभागार में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. रवि रंजन कुमार की अध्यक्षता में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का संचालन छात्रा मेघा कुमारी ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. तारकेश्वर पंडित ने कहा कि नारी शक्ति और बुद्धि की प्रतीक है। देश का समुचित विकास तभी संभव है जब महिलाएं पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि समाज के शिक्षित होने से महिलाएं आत्मनिर्भर और सशक्त बनती हैं।


वहीं डॉ. श्याम रंजन प्रसाद सिंह ने कहा कि समाज के निर्माण में महिलाओं का योगदान पुरुषों के समान है। इसलिए महिलाओं को समान व्यवहार और अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब नारी शक्ति जागृत होती है तो वह पूरे विश्व, देश, समाज और परिवार के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करती है। महिलाओं को कभी कमजोर नहीं समझना चाहिए, उनका जीवन सभी के लिए प्रेरणादायक होता है।
इस अवसर पर डॉ. जया चौधरी और डॉ. पूजा कुमारी ने भी महिला दिवस पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में छात्रा रोशनी कुमारी और श्रुति प्रसाद ने कविता के माध्यम से अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के अनेक छात्र-छात्राएं, शिक्षक तथा शिक्षकेत्तर कर्मी उपस्थित रहे। अंत में छात्रा स्मिता कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।