-बिहार विधानसभा में ‘बाप’ शब्द पर हंगामा, स्पीकर की फटकार, सत्ता-विपक्ष आमने-सामने
पटना। संवाददाता।
बिहार विधानसभा में बुधवार को उस वक्त भारी हंगामा हो गया जब आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र ने बहस के दौरान ‘बाप’ शब्द का इस्तेमाल किया। इस टिप्पणी पर सत्ता पक्ष भड़क गया और सदन का माहौल गरमा गया। खुद विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव भी नाराज़ हो गए और सत्ता एवं विपक्ष दोनों पक्षों को फटकार लगाई।
घटना उस समय की है जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बीच सदन में तीखी बहस चल रही थी। दोनों नेता एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप कर रहे थे। इसी बीच, भाई वीरेंद्र ने सीट पर बैठे हुए ‘बाप’ शब्द का इस्तेमाल कर दिया, जिससे सत्ता पक्ष के विधायक आक्रोशित हो गए।

स्पीकर ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए भाई वीरेंद्र को खेद प्रकट करने के लिए कहा और तेजस्वी यादव से उन्हें माफी के लिए प्रेरित करने को कहा। जवाब में तेजस्वी ने मुद्दा बदलते हुए कहा कि “बिहार में फिलहाल बारिश का मौसम है, लोग वोटर वेरिफिकेशन फॉर्म कैसे भरेंगे? आधार और राशन कार्ड क्यों नहीं जोड़ा जा रहा?” उन्होंने डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा के उस बयान पर भी सवाल उठाए जिसमें बांग्लादेशी, नेपाली और म्यांमार के लोगों के बिहार में आने की बात कही गई थी।
डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने भी पलटवार करते हुए तेजस्वी पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया और कहा कि सरकार पूरी तरह सजग है।
इस पूरे घटनाक्रम के चलते सदन में कुछ देर के लिए कामकाज बाधित रहा और सत्ता-पक्ष तथा विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली।











