-बिहार में मौसम का बदला मिजाज, मधुबनी में भारी बारिश तो डेहरी रहा सबसे गर्म
-मौसम विभाग ने जारी किया पूर्वानुमान
पटना। बिहार में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ इलाकों में भीषण गर्मी का असर बना रहा। मौसम विभाग द्वारा 22 मई 2026 को जारी दैनिक मौसम बुलेटिन के अनुसार मधुबनी जिले के एक या दो स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई, जबकि उत्तर-पूर्व, उत्तर-मध्य बिहार के कुछ क्षेत्रों एवं दक्षिण-पूर्व भाग के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहा।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस रोहतास जिले के डेहरी में दर्ज किया गया। बिहार में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस से 44.6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। वहीं, पिछले 24 घंटों में कई जिलों के अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई।
न्यूनतम तापमान की बात करें तो सबसे कम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस सहरसा जिले के अगवानपुर में दर्ज किया गया। राज्य का न्यूनतम तापमान 23.3 से 28.4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम विभाग ने बताया कि न्यूनतम तापमान में फिलहाल कोई विशेष बदलाव नहीं देखा गया है।

हवा की रफ्तार भी कई क्षेत्रों में तेज रही। भागलपुर जिले में अधिकतम 59 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली।
बारिश के आंकड़ों में मधुबनी जिला सबसे आगे रहा। झंझारपुर में 95.2 मिमी, लखनौर में 71 मिमी, बसोपट्टी में 54 मिमी, जयनगर में 45 मिमी और राजनगर में 31 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा दरभंगा के तारडीह में 30 मिमी, मधेपुरा के पुरैनी में 26 मिमी तथा उदाकिशुनगंज में 22 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 3 से 4 दिनों के दौरान बिहार के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।
लोगों को गर्मी और मौसम में बदलाव को देखते हुए सतर्क रहने तथा मौसम विभाग के अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।












