-नाटक बंद करिए मुख्यमंत्री जी ! बिहार में आग लगाकर चले हैं देशाटन करने, विजय सिन्हा का नीतीश कुमार पर प्रहार..आप और केजरीवाल ने ‘भ्रष्टाचार’ को दिया नया आकार
सम्वाददाता। पटना।
बिहार जल रहा है और हमारे मुख्यमंत्री देशाटन कर रहे हैं. भला इससे बिहार का क्या भला होने वाला है ? नीतीश कुमार भी अब केजरीवाल मॉडल पर काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने सीएम नीतीश कुमार पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि बिहार में आपातकाल है. यहां विपक्षी नेताओं से लेकर पत्रकारों की आवाज को सरकार दबाने में जुटी है. नीतीश सरकार पत्रकारों मुंह बंद रखने की कोशिश कर रही है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बिहार में 1000 करोड़ के घोटाले को विधानसभा के पटल पर आने से रोका गया. मुख्यमंत्री जी आपने क्यों नहीं आने दिया? तकनीकी रूप से आप और केजरीवाल जी भ्रष्टाचार को एक नया स्वरूप दिए हैं. आप देश की जनता को भरमाने के लिए आपातकाल का नाम दे रहे हैं. अरे भाई …बिहार के अंदर आपातकाल है. विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है. विपक्ष के अधिकार को रोका जा रहा है. विपक्ष को पारदर्शिता के साथ निरीक्षण का अधिकार नहीं दे रहे हैं .सुरक्षा नहीं दे रहे हैं. दूसरी तरफ पत्रकारों को भयभीत कर रहे हैं .जो पत्रकार आवाज उठाता है उसे डराया जाता है. मुकदमा किया जाता है. विज्ञापन रोकने की धमकी दी जाती है. आज बिहार के अंदर अराजकता का माहौल है।

विजय सिन्हा ने मुख्यमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा कि आज बिहार के कई जिलों में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है. पेयजल नहीं मिल रहा. हर घर नल के जल के लिए 27000 करोड रुपए खर्च किए गए। उसमें लूट की खुली छूट दी गई। उसी का परिणाम दिख रहा है. गर्मी में जल का संकट है. नीतीश कुमार जी आप बिहार में आग लगाकर देश को बचाने का नाटक बंद करिए .अपने बिहार को संभालिए. आप आधे दर्जन मंत्री को लेकर जो देशाटन कर रहे हैं,उससे बिहार के पैसे की बर्बादी हो रही है. आप एक भी सवाल का जवाब नहीं देते हैं, क्योंकि आपके पास हिम्मत ही नहीं है।











