Advertisement

बिहार: गंगा के बढ़ते जलस्तर को लेकर मुख्यमंत्री ने किया हवाई सर्वेक्षण

-बिहार: गंगा के बढ़ते जलस्तर को लेकर मुख्यमंत्री ने किया हवाई सर्वेक्षण

-संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी के निर्देश

पटना, 24 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पटना, बेगूसराय और भागलपुर जिले के विभिन्न प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने नवगछिया राघोपुर दियारा, कोसी-गंगा संगम क्षेत्र, बेगूसराय और बख्तियारपुर सहित कई इलाकों का हवाई निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति, जलस्तर तथा राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।
हवाई सर्वेक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संवेदनशील एवं निचले इलाकों की लगातार निगरानी रखने तथा प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट रहने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रभावित लोगों तक भोजन, पेयजल, राहत सामग्री और अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर पहुंचाने को कहा। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी रखने का निर्देश दिया।
हवाई सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने भागलपुर एयरपोर्ट पर उच्च अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में बाढ़ की स्थिति, गंगा के जलस्तर, राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि पानी का दबाव तेजी से कम हो रहा है और जल्द ही स्थिति में सुधार होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री से वार्ता के बाद फरक्का बराज के सभी गेट खोल दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को जलस्तर और बाढ़ की स्थिति में होने वाले बदलावों की लगातार निगरानी करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राहत और बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा प्रभावित लोगों को एसओपी के अनुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने जल संसाधन विभाग को पूरी तरह मुस्तैद रहने और लगातार मॉनिटरिंग करने को कहा। साथ ही बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक मरम्मती कार्य अविलंब कराने तथा संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
हवाई सर्वेक्षण और समीक्षा बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, ऊर्जा मंत्री श्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक, अभियान श्री कुंदन कृष्णन, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, भागलपुर के प्रमंडलीय आयुक्त श्री प्रेम सिंह मीणा, भागलपुर प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक श्री विवेक कुमार, भागलपुर की जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पाण्डेय, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रमोद कुमार यादव सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे।