-बिहार के 2.48 लाख बाढ़ प्रभावित किसानों के खाते में 112.52 करोड़ रुपये अंतरित
-22 अक्टूबर से चलेगा विशेष अभियान
-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा- फसल क्षति अनुदान से कोई भी आपदा प्रभावित किसान वंचित न रहे
पटना, 14 अक्टूबर(दीपक तिवारी)। बिहार में बाढ़ और अतिवृष्टि से फसल क्षति झेलने वाले 2,48,704 किसानों के बैंक खातों में कृषि इनपुट अनुदान योजना के तहत 112.52 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ कक्ष में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीबीटी के माध्यम से किसानों के खातों में यह राशि भेजी।
मुख्यमंत्री के अनुसार, कृषि इनपुट अनुदान योजना के तहत असिंचित फसल क्षेत्र के लिए 8,500 रुपये प्रति हेक्टेयर, सिंचित क्षेत्र के लिए 17,000 रुपये प्रति हेक्टेयर तथा शाश्वत या बहुवर्षीय फसलों के लिए 22,500 रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से अनुदान दिया जाता है। इस सहायता से किसान फसल क्षति के बाद दोबारा खेती के लिए आवश्यक संसाधन जुटा सकेंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा, उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने और कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। बाढ़ के दौरान कृषि विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग और अन्य संबंधित विभागों ने समन्वय के साथ काम किया है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सादा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित जिलों के जिलाधिकारी भी कार्यक्रम से जुड़े।












