Advertisement

बाढ़ प्रभावित माधोपुर हजारी पहुंचे डीएम, इन्फ्लेटेबल मोटर वोट से लिया जायजा

-बाढ़ प्रभावित माधोपुर हजारी पहुंचे डीएम, इन्फ्लेटेबल मोटर वोट से लिया जायजा

मुजफ्फरपुर। जिले में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी कुमार गौरव ने अधिकारियों की टीम के साथ साहेबगंज प्रखंड के बाढ़ प्रभावित माधोपुर हजारी गांव का इन्फ्लेटेबल मोटर वोट के माध्यम से स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में जलस्तर, आवागमन, प्रभावित परिवारों की स्थिति तथा प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही राहत एवं बचाव सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और आवश्यकताएं भी जानीं।
इस दौरान प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री और पॉलीथिन शीट का वितरण किया गया। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर जरूरतमंद परिवार तक समय पर और पर्याप्त मात्रा में राहत सामग्री पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि राहत कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी नहीं होनी चाहिए।


डीएम ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों की सुरक्षा, राहत और आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने क्षेत्र में लगातार भ्रमण और निगरानी बनाए रखने तथा लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवश्यकता के अनुसार नाव एवं अन्य उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए राहत एवं बचाव कार्य जारी रखा जाए। किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, अंचल पदाधिकारी, आपदा प्रबंधन समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।