-बागमती नदी में उफान से मुन्नी में निर्माणाधीन पुल का डायवर्सन टूटा, आवागमन ठप
बन्दरा। लगातार बारिश के बीच नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि ने मुन्नी गांव में पुरानी बागमती नदी पर निर्माणाधीन पुल के डायवर्सन को गुरुवार अहले सुबह बहा दिया। इससे नदी पार के लोगों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। दरभंगा फोरलेन से जुड़ने वाला केवट्सा–हनुमाननगर मुख्य मार्ग पूरी तरह ठप हो गया है, जबकि प्रखंड के हत्था पंचायत का प्रखंड मुख्यालय से सड़क संपर्क टूट गया है।

टूटे डायवर्सन पर से तेज बहाव में नदी का पानी गुजर रहा है। ज्ञात हो कि मुन्नी में जर्जर लोहे के पुल को तोड़कर उसी स्थान पर पक्का पुल का निर्माण कार्य चल रहा था। स्थानीय लोग पहले से ही बाढ़ के दौरान वैकल्पिक व्यवस्था और पुल निर्माण में तेजी की मांग कर रहे थे, ताकि यातायात बाधित न हो, लेकिन न तो निर्माण एजेंसी ने इसे गंभीरता से लिया और न ही जनप्रतिनिधियों ने।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुरानी पुल के समानांतर नई पुल का निर्माण किया जाता, तो वर्तमान संकट से बचा जा सकता था। अब क्षेत्रवासी वैकल्पिक व्यवस्था बहाल होने तक गंभीर आवागमन संकट से जूझने को मजबूर हैं।











