-पूसा में अनुकंपा नियुक्ति को लेकर विरोध, कुलपति-कुलसचिव का पुतला दहन
पूसा। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में वरीय तकनीशियन पद पर कार्यरत और बिहार विधानसभा 2020 चुनाव ड्यूटी के दौरान शहीद हुए विनोद कुमार राय की पत्नी चिंता देवी, पुत्र मिथिलेश कुमार समेत दर्जनों अनुकंपा आश्रितों ने मंगलवार को विश्वविद्यालय परिसर में मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार, पोस्ट ऑफिस के समीप कुलसचिव डॉ. मृत्युंजय कुमार और कुलपति के सचिव अनिल शर्मा का पुतला दहन किया।
सभा का नेतृत्व अनुकंपा नियुक्ति मोर्चा के संयोजक मिथिलेश कुमार ने किया। इस दौरान भाकपा-माले प्रखंड सचिव अमित कुमार ने कहा कि बार-बार आश्वासन के बावजूद अनुकंपा नियुक्ति नहीं दी जा रही है, जबकि मृतक कर्मियों के आश्रित लगातार पत्र और मिलकर आग्रह कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की सामंती मानसिकता के कारण आश्रितों को आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

मिथिलेश कुमार ने चेतावनी दी कि 14 अगस्त को केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति का पुतला दहन किया जाएगा और नियुक्ति पत्र मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।
इस मौके पर चिंता देवी, आशा देवी, सुमित्रा देवी, रविन देवी, सूरज कुमार, रमेश कुमार, रवि रंजन, चंदन कुमार, अमित कुमार, फनिश कुमार, आदित्य कुमार, प्रिंस कुमार, अमरेश कुमार, दीपंकज कुमार, प्रशांत कुमार, मोनू कुमार, गोलू कुमार, मनोज कुमार, कुंदन कुमार, राजा कुमार, संतोष कुमार, सुकेश कुमार सहित दर्जनों समर्थक मौजूद रहे।












