-पूर्व पैक्स अध्यक्ष श्रीकांत यादव का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
दरभंगा: बहेड़ी प्रखंड अंतर्गत भच्छी पंचायत के पूर्व पैक्स अध्यक्ष श्रीकांत यादव का 75 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थे और दरभंगा के सोनकी स्थित एक निजी अस्पताल में इलाजरत थे। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जाता है कि श्रीकांत यादव का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव भच्छी में किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण, समर्थक और शुभचिंतक उपस्थित होकर उन्हें अंतिम विदाई दी।
श्रीकांत यादव ने वर्ष 1998 से 2024 तक लगातार पांच बार पैक्स अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दीं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्ष किया और पंचायत के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

वे अपने सरल स्वभाव, जनसरोकार और संघर्षशील नेतृत्व के लिए क्षेत्र में खास पहचान रखते थे।
राजनीति से संन्यास लेने के बाद उनकी विरासत को गांव के ही श्याम बाबू यादव ने आगे बढ़ाया, जो वर्तमान में भच्छी पंचायत के पैक्स अध्यक्ष हैं।
उनके निधन पर समाजसेवी कालीचरण यादव, वर्तमान पैक्स अध्यक्ष श्याम बाबू यादव, पूर्व सरपंच प्रत्याशी रंजीत कुमार यादव, सरपंच राधेश्याम यादव, मुखिया नरेश यादव, पूर्व मुखिया मणिकांत यादव समेत कई गणमान्य लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।
श्रीकांत यादव के निधन से क्षेत्र में एक युग का अंत माना जा रहा है। उनके द्वारा किए गए कार्य और उनकी यादें हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेंगी।












