-बंदरा प्रखंड में जनता दरबार, मौके पर ही कई मामलों का निष्पादन
मुजफ्फरपुर/बंदरा। दीपक।
प्रखंड कार्यालय बंदरा में प्रखंड विकास पदाधिकारी आमना वसी की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में परिवादी अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए और अपनी-अपनी शिकायतें दर्ज कराईं।
जनता दरबार में परिवादी धीरज कुमार ने पंचायत स्तर पर गलत वंशावली निर्गत किए जाने की शिकायत की। इस पर बीडीओ ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मामले की जांच कराई। जांचोपरांत विभागीय प्रावधानों के तहत उक्त वंशावली को रद्द कर दिया गया तथा संबंधित व्यक्ति से कारण-पृच्छा की गई।

वहीं, परिवादी अविनाश कुमार ने पेंशन से संबंधित शिकायत दर्ज कराई। इसके अलावा एक पंचायत समिति सदस्य ने तकनीकी सहायक के कार्यों को लेकर आपत्ति जताई। अन्य परिवादियों द्वारा भी आवास योजना, पंचायत स्तरीय समस्याओं एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए गए।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की। कई मामलों का निष्पादन मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
प्रखंड प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि आमजन की समस्याओं का समाधान पारदर्शिता और तत्परता के साथ किया जाएगा, ताकि शासन-प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हो सके।











