Advertisement

पुलिस टीम पर हमला और सड़क जाम मामले में कॉमेडी कलाकार रमेश सहनी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

-पुलिस टीम पर हमला और सड़क जाम मामले में कॉमेडी कलाकार रमेश सहनी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

मुजफ्फरपुर/बंदरा। दीपक।पियर थाना क्षेत्र के चर्चित कॉमेडी कलाकार रमेश सहनी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। रमेश सहनी पियर थाना क्षेत्र के बड़गांव सहनी टोला निवासी है और अर्जुन सहनी का पुत्र बताया गया है।

जानकारी के अनुसार, पियर थाना क्षेत्र के बड़गांव में पुलिस टीम पर हमला, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने तथा सड़क जाम करने के चर्चित मामले में उनकी गिरफ्तारी की गई है। यह मामला 6 फरवरी 2026 का है, जब बड़गांव में एक मामले की जांच के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया था। सरपंच लालबाबू सहनी की पिटाई के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी और विरोध में ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया था।

पुलिस के अनुसार, उस दौरान भीड़ ने पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त किया था तथा पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई थी। घटना के संबंध में तत्कालीन थानाध्यक्ष रजनीकांत के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले में 50 नामजद एवं करीब 200 अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया था, जिनमें रमेश सहनी का नाम भी शामिल था।

पियर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि पियर थाना कांड संख्या 27/26 के नामजद अभियुक्त रमेश सहनी को गुरुवार को पियर चौक से गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शुक्रवार को उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में नामजद और अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी और कानूनी कार्रवाई जारी है।