-पीएचडी की डिग्री मिलने पर शिक्षक डॉ. रणधीर कुमार का भव्य सम्मान, छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए किया प्रेरित
राजापाकर (वैशाली), संजय श्रीवास्तव। प्रखंड क्षेत्र की राजापाकर दक्षिणी पंचायत स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बनघरा राजापाकर में पदस्थापित अंग्रेजी शिक्षक डॉ. रणधीर कुमार को बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर से पीएचडी की उपाधि प्राप्त होने पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में विद्यालय के प्रधानाध्यापक गोविंद कुमार सिंह, शिक्षक वीरचंद्र पंडित, जितेंद्र कुमार राम, गुड्डी कुमारी, संजीव कुमार, शिवानी कुमारी, चंद्र प्रकाश, श्वेता कुमारी एवं सुजीत कुमार सहित अन्य शिक्षकों ने डॉ. रणधीर कुमार को अंगवस्त्र एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक गोविंद कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा की कोई सीमा नहीं होती। व्यक्ति जितनी उच्च शिक्षा प्राप्त करता है, उसके लिए उतने ही बेहतर अवसर उपलब्ध होते हैं। उन्होंने छात्रों से डॉ. रणधीर कुमार के शैक्षणिक जीवन से प्रेरणा लेने और उच्च शिक्षा हासिल कर समाज एवं देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

अपने संबोधन में डॉ. रणधीर कुमार ने बताया कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, वैशाली से हुई। इसके बाद उन्होंने स्नातक एवं स्नातकोत्तर की पढ़ाई बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर से पूरी की। उच्च शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने पीएचडी से पूर्व इसी विश्वविद्यालय से एमफिल की उपाधि भी प्राप्त की।
उन्होंने बताया कि उनके शैक्षणिक एवं पेशेवर जीवन की शुरुआत वर्ष 2014 में उच्च विद्यालय बखरी दोआ, चेहराकला में टीजीटी अंग्रेजी शिक्षक के रूप में हुई थी। निरंतर परिश्रम और कर्तव्यनिष्ठा के बल पर वर्ष 2023 में बीपीएससी के माध्यम से उनका चयन प्लस-टू कैडर में हुआ। वर्तमान में वे राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बनघरा राजापाकर में अंग्रेजी शिक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
डॉ. रणधीर कुमार ने बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर अंग्रेजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. बी.एस. राय के मार्गदर्शन में अपना शोध कार्य पूरा कर पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। मूल रूप से वैशाली जिले के महुआ प्रखंड के सिहरा फुदेनी चौक निवासी डॉ. रणधीर कुमार की इस उपलब्धि से उनके गांव तथा विद्यालय में खुशी का माहौल है।
ग्रामीण परिवेश से निकलकर उच्च शैक्षणिक उपलब्धि हासिल करने पर विद्यालय परिवार, छात्रों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।














