Advertisement

पिस्टल के बल पर होमगार्ड जवान व भाभी से दिनदहाड़े लूट, जेवर और बैग लेकर फरार हुए बदमाश

-पिस्टल के बल पर होमगार्ड जवान व भाभी से दिनदहाड़े लूट, जेवर और बैग लेकर फरार हुए बदमाश

मुजफ्फरपुर। सरैया थाना क्षेत्र के बिसरपट्टी गांव के समीप एसएच-86 पर सोमवार दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस गश्ती को धता बताते हुए होमगार्ड जवान और उनकी भाभी को पिस्टल के बल पर लूट लिया। बदमाश महिला के गले से सोने की चेन, कान की बाली और नाक की नथिया समेत पर्स व बैग लूटकर हथियार लहराते हुए रघुनाथपुर की ओर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई लूट की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र के शम्भूपुर कुआंरी गांव निवासी चंदन कुमार होमगार्ड जवान हैं। उनकी भाभी की मां की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब चल रही है। सोमवार दोपहर चंदन अपनी भाभी को बाइक से उनके मायके जैतपुर थाना क्षेत्र के कोलवारा गांव ले जा रहे थे।

इसी दौरान एसएच-86 पर बिसरपट्टी गांव के समीप पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर उनकी बाइक रोक दी। बाइक रुकते ही बदमाशों ने दोनों पर पिस्टल तान दी और जान से मारने की धमकी देते हुए महिला से उसके पहने हुए आभूषण उतरवा लिए। इसके बाद बदमाशों ने महिला का पर्स और सामान से भरा बैग भी छीन लिया।

लूटपाट के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए रघुनाथपुर की ओर भाग निकले। घटना के बाद पीड़ित होमगार्ड जवान ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। दिनदहाड़े लूट की जानकारी मिलते ही जैतपुर थानाध्यक्ष रजनीकांत पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने पीड़ितों से घटना की पूरी जानकारी लेने के साथ बदमाशों के हुलिए के बारे में भी पूछताछ की। थानाध्यक्ष रजनीकांत पटेल ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के रास्तों और संभावित स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई में जुटी है।