Advertisement

पितृपक्ष मेला 2026: श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म और मोबाइल एप तैयार, एक क्लिक पर मिलेगी जरूरी जानकारी

-पितृपक्ष मेला 2026: श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म और मोबाइल एप तैयार, एक क्लिक पर मिलेगी जरूरी जानकारी

गया। पितृपक्ष मेला 2026 में देश-विदेश से गया जी पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने डिजिटल पहल की है। प्रशासन की ओर से ‘पिंडदान गया जी’ (Pinddaan Gaya Ji) डिजिटल मंच और मोबाइल एप तैयार किया गया है। इसके माध्यम से श्रद्धालुओं को पिंडदान, वेदियों, पंडा जी, आवासन, परिवहन, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं से जुड़ी आधिकारिक जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी।
श्रद्धालु pinddaangaya.bihar.gov.in वेबसाइट और Google Play Store पर उपलब्ध ‘Pind Daan Gaya Ji’ मोबाइल एप के माध्यम से मेला क्षेत्र से जुड़ी जरूरी जानकारी हासिल कर सकेंगे। डिजिटल मंच पर पिंडदान और धार्मिक अनुष्ठानों से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। विभिन्न वेदियों, पंडा जी और दैनिक अनुष्ठानों की जानकारी मिलने से श्रद्धालु गया पहुंचने से पहले अपनी धार्मिक यात्रा की बेहतर तैयारी कर सकेंगे। वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
आवासन की जानकारी के लिए भी डिजिटल प्लेटफॉर्म उपयोगी होगा। श्रद्धालु टेंट सिटी, सरकारी आवासन, होटल और अतिथि गृहों की उपलब्धता, क्षमता, कमरों और संपर्क विवरण की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा रेलवे समय-सारणी, हवाई यात्रा, स्थानीय परिवहन, पार्किंग और किराया सूची से संबंधित जानकारी भी एक ही जगह उपलब्ध होगी।


सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी डिजिटल मंच से जोड़ा गया है। वेबसाइट और एप पर पुलिस संपर्क, अस्पताल, एम्बुलेंस, स्वास्थ्य शिविर, पुलिस कैंप और हेल्पलाइन की जानकारी उपलब्ध रहेगी। मोबाइल एप में पुलिस, अस्पताल, एम्बुलेंस और हेल्पलाइन के लिए त्वरित आपातकालीन कॉल की सुविधा भी दी जाएगी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए खोया-पाया सेवा को भी डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है।
मेला क्षेत्र में शौचालय, वॉशरूम, पेयजल केंद्र, पार्किंग स्थल, स्वास्थ्य शिविर और पुलिस कैंप की लोकेशन के साथ वहां पहुंचने के दिशा-निर्देश भी श्रद्धालुओं को मिलेंगे। वेबसाइट पर एकीकृत तीर्थयात्री सहायता चैटबॉट के माध्यम से आवासन, आपातकालीन संपर्क और विभिन्न सेवाओं से जुड़ी जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।
इस बार बहुभाषीय सुविधा पर भी विशेष जोर दिया गया है। जिला प्रशासन के अनुसार पहली बार एआई फीचर के साथ Google Translator की सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। ‘मे आई हेल्प यू’ काउंटरों पर Google Translator डिवाइस के माध्यम से अलग-अलग भाषाएं बोलने वाले श्रद्धालुओं को उनकी भाषा में सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
मेला अवधि के दौरान प्रशासन की नवीनतम सूचनाएं, घोषणाएं, समाचार और जनहित से जुड़ी जानकारियां भी डिजिटल मंच पर अपडेट की जाएंगी। श्रद्धालु ऑनलाइन फीडबैक और शिकायत भी दर्ज करा सकेंगे।
जिला प्रशासन के अनुसार इस डिजिटल पहल का उद्देश्य पितृपक्ष मेला के दौरान श्रद्धालुओं को समय पर सही और आधिकारिक जानकारी उपलब्ध कराना है, ताकि उनकी गया जी यात्रा अधिक सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित हो सके। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से गया आने से पहले वेबसाइट और मोबाइल एप के माध्यम से आवश्यक जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।