-पिछले साल बुर्के में कांवड़ यात्रा से चर्चा में आई थीं तमन्ना मलिक, इस बार पुलिस ने परंपरागत वेशभूषा में यात्रा की दी सलाह
मेरठ/अमरोहा। पिछले वर्ष बुर्का पहनकर कांवड़ यात्रा में शामिल होने के कारण चर्चा में आईं तमन्ना मलिक एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन ने पहले से ही एहतियाती कदम उठाते हुए उनके परिवार से संवाद किया है और यात्रा के दौरान परंपरागत कांवड़िया वेशभूषा अपनाने की सलाह दी है।
जानकारी के अनुसार, अमरोहा जिले की असमोली पुलिस ने तमन्ना मलिक के पति को थाने बुलाकर बातचीत की। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा की अपनी पारंपरिक धार्मिक मर्यादाएं और वेशभूषा है। ऐसे में किसी भी संभावित विवाद या कानून-व्यवस्था की स्थिति से बचने के लिए इस बार यात्रा को परंपरागत स्वरूप में ही निकाला जाए।

क्षेत्राधिकारी (सीओ) अमन कुमार सिंह ने बताया कि यह कदम पिछले वर्ष की घटना को ध्यान में रखते हुए एहतियात के तौर पर उठाया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य किसी व्यक्ति की धार्मिक स्वतंत्रता में हस्तक्षेप करना नहीं है, बल्कि कांवड़ यात्रा के दौरान सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।
सीओ ने कहा कि यदि किसी गतिविधि से धार्मिक भावनाएं आहत होने या विवाद की आशंका होती है, तो प्रशासन की जिम्मेदारी है कि संवाद के माध्यम से ऐसे मामलों का समाधान निकाला जाए।
पुलिस प्रशासन ने संबंधित परिवार से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न हो, इसके लिए सभी समुदायों के प्रबुद्ध नागरिकों के साथ लगातार संवाद किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के तनाव या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।












