Advertisement

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री की पहल पर मुजफ्फरपुर के पीड़ित परिवार को 50 लाख की सहायता, मंत्री उमेश राय ने सौंपे दो चेक

-पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री की पहल पर मुजफ्फरपुर के पीड़ित परिवार को 50 लाख की सहायता, मंत्री उमेश राय ने सौंपे दो चेक

मुजफ्फरपुर। पश्चिम बंगाल में नवरात्रि के दौरान हुई दुर्घटना में मुजफ्फरपुर के साकेतपुरी निवासी अभिषेक और उनके पुत्र आयांश की असामयिक मृत्यु के बाद पश्चिम बंगाल सरकार ने पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की पहल पर गुरुवार को पश्चिम बंगाल सरकार के नगर विकास विभाग के राज्यमंत्री उमेश राय मुजफ्फरपुर पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें 25-25 लाख रुपये के दो चेक सौंपे।
मंत्री उमेश राय भाजपा के जिला पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ साकेतपुरी स्थित पीड़ित परिवार के आवास पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढ़स बंधाया। इस दौरान वीडियो कॉल के माध्यम से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी पीड़ित परिवार से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।


इस मौके पर मंत्री उमेश राय ने कहा कि अभिषेक और आयांश का असामयिक निधन अत्यंत दुखद और अपूरणीय क्षति है। इस पीड़ा की भरपाई किसी भी आर्थिक सहायता से संभव नहीं है, लेकिन संकट की इस घड़ी में परिवार को संबल देना और उनके साथ खड़ा रहना मानवीय दायित्व है।
मौके पर भाजपा मुजफ्फरपुर पूर्वी के जिलाध्यक्ष विवेक कुमार, पश्चिमी जिलाध्यक्ष हरिमोहन चौधरी, पूर्व प्रदेश महामंत्री राजेश वर्मा, वरिष्ठ नेता संतोष रंजन राय, प्रदेश मंत्री मुकेश शर्मा, नगर विधायक रंजन कुमार, जिला उपाध्यक्ष अशोक झा, अरविंद कुमार सिंह, मनोज तिवारी, धर्मेंद्र साहू, अरविंद सिंह, अमिताभ कुमार, रंजन कुमार ओझा, जुनैद खान और दिवाकर शर्मा समेत कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सभी नेताओं ने दिवंगत पिता-पुत्र को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में भाजपा परिवार पीड़ित परिजनों के साथ खड़ा है।