-पद्मश्री डॉ. गोपाल जी त्रिवेदी का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक तिवारी। प्रखंड के मतलुपुर में बुधवार की सुबह पूर्व कुलपति एवं प्रख्यात कृषि वैज्ञानिक पद्मश्री डॉ. गोपाल जी त्रिवेदी का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अश्रुपूरित माहौल के बीच उनके पुत्र डॉ. रमन त्रिवेदी ने पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। अंतिम विदाई के दौरान मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और पूरा वातावरण गमगीन बना रहा।
राजकीय सम्मान के साथ सम्पन्न हुए अंतिम संस्कार में बन्दरा सीओ अंकुर राय, बीडीओ आमना वसी तथा हत्था थाना पुलिस की मौजूदगी रही। प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई।

इस अवसर पर गायघाट सामाजिक मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुबोध कुमार एवं डॉ. लखिन्द्र ठाकुर ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. गोपाल जी त्रिवेदी के निधन से कृषि एवं शिक्षा जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि डॉ. त्रिवेदी एक अनुभवी, मिलनसार और आदर्श कृषि वैज्ञानिक थे, जिनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा।
स्थानीय लोगों एवं शुभचिंतकों ने भी उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।वहीं पूर्व डिप्टी सीएम सह वर्तमान कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने भी डॉ त्रिवेदी के निधन पर गहरा शोक जताया है।











