Advertisement

नेपाल में फिर बाढ़-भूस्खलन का खतरा, चितवन प्रशासन ने जारी किया अलर्ट; नारायणगढ़ से काठमांडू-पोखरा जाने वाले मार्ग बंद

-नेपाल में फिर बाढ़-भूस्खलन का खतरा, चितवन प्रशासन ने जारी किया अलर्ट; नारायणगढ़ से काठमांडू-पोखरा जाने वाले मार्ग बंद

काठमांडू। नेपाल में लगातार हो रही बारिश के बीच बाढ़ और भूस्खलन का खतरा एक बार फिर बढ़ गया है। रसुवा क्षेत्र से तीसरी बार बाढ़ और भूस्खलन की सूचना मिलने के बाद चितवन पुलिस प्रशासन ने नदी तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अलर्ट किया है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने नारायणगढ़ से पोखरा, मुग्लिन और काठमांडू जाने तथा इन क्षेत्रों से नारायणगढ़ आने वाले सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही अगली सूचना तक बंद कर दी है।

प्रशासन के इस फैसले से काठमांडू, पोखरा और मुग्लिन की ओर आने-जाने वाले यात्रियों के साथ-साथ मालवाहक वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है। लोगों को जोखिम वाले मार्गों पर यात्रा नहीं करने और आवश्यक जानकारी के बिना घर से नहीं निकलने की सलाह दी गई है।

इससे पहले धादिङ जिले के बेनीघाट रोराङ गाउपालिका-7 स्थित कृष्णभीर में बाढ़ के कारण सड़क धंस गई थी। इससे नारायणघाट-काठमांडू मार्ग के दोनों ओर यातायात बाधित हो गया था। सड़क क्षतिग्रस्त होने और पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार भूस्खलन की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने मार्ग पर वाहनों का संचालन रोक दिया है।

नेपाल के पर्वतीय और नदी तटीय इलाकों में लगातार बारिश के कारण बाढ़, भूस्खलन और सड़क धंसने का खतरा बना हुआ है। प्रशासन और सुरक्षा निकाय लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं। लोगों से स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की गई है।

चितवन पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से जारी सूचना में स्पष्ट किया है कि मार्ग को दोबारा खोलने का निर्णय स्थिति की समीक्षा के बाद लिया जाएगा। यातायात अगली सूचना जारी होने के बाद ही बहाल किया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से जोखिम वाले स्थानों पर नहीं रहने और अपनी तथा परिवार की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की है।