–धार्मिक आयोजन से गूंजा सकरी मन, जीवनेश्वरनाथ महादेव मंदिर में अखंड हवन व शिव नाम धुन शुरू
मुजफ्फरपुर / बंदरा।
प्रखंड के सकरी मन स्थित बाबा जीवनेश्वरनाथ महादेव मंदिर प्रांगण में शनिवार की सुबह धार्मिक आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सुंदरकांड पाठ के साथ चौबीस घंटे संगीतमय शिव नाम धुन एवं अखंड हवन-यज्ञ की भव्य शुरुआत की गई, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया।
आयोजन की जानकारी देते हुए उपमुखिया शिवनाथ सिंघानियां ने बताया कि विगत कई वर्षों से महाशिवरात्रि के अवसर पर यहां यह पारंपरिक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जाता रहा है। इसी कड़ी में इस वर्ष भी शनिवार सुबह सुंदरकांड पाठ के साथ संगीतमय अष्टयाम महायज्ञ और अखंड हवन आरंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।
मंदिर परिसर में “जय काली दुर्गे, राधेश्याम, गौरीशंकर, सीताराम” नाम की अखंड धुन से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना है। श्रद्धालु भजन-कीर्तन और मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव की आराधना में लीन दिखे।

आयोजन समिति के अनुसार रविवार को विभिन्न देवी-देवताओं, महादेव और भूत-बैताल की भव्य झांकी आसपास के गांवों में भ्रमण करेगी। इसके बाद रात्रि में प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा शिव विवाह महोत्सव का मंचन और आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा, जिसे लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मुन्नी बैंगरी पैक्स अध्यक्ष मनोज कुमार ठाकुर, जितेंद्र ठाकुर, वार्ड सदस्य रंजीत सहनी, जितेंद्र सहनी, राजेश मंडल, प्रभात कुमार ठाकुर, राजेश कुमार, राकेश सहनी सहित ग्रामीण सक्रिय सहयोग दे रहे हैं।
धार्मिक उत्सव को लेकर पूरे क्षेत्र में मेले जैसा माहौल है और श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। यह आयोजन न केवल आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को भी सशक्त करता नजर आ रहा है।












