-धान अधिप्राप्ति में किसानों का 48 घंटे में भुगतान सुनिश्चित करें: जिलाधिकारी
गया। जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम की अध्यक्षता में खरीफ विपणन मौसम 2024-25 के तहत धान अधिप्राप्ति कार्य की समीक्षा जिला टास्क फोर्स बैठक में की गई। बैठक में बताया गया कि जिले में 15 नवंबर 2024 से 316 पैक्स और व्यापार मंडलों के माध्यम से धान की खरीद शुरू हुई है। अब तक 505 किसानों से 3805.920 मे. टन धान की खरीद की जा चुकी है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि किसानों को 48 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, अधिक किसानों का पंजीकरण बढ़ाने और छोटे किसानों को प्राथमिकता देने का आदेश दिया। उन्होंने धान क्रय में लापरवाही बरतने वाले पैक्स और मिलों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 34,166 किसानों ने ऑनलाइन आवेदन किया है, जिनमें 14,819 रैयत किसान और 19,347 गैर-रैयत किसान हैं। 138 समितियां और 18 मिल धान अधिप्राप्ति में सक्रिय हैं। जिलाधिकारी ने प्रखंड सहकारिता पदाधिकारियों को किसानों से संपर्क बढ़ाने और उन्हें धान बेचने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार धान अधिप्राप्ति को लेकर गंभीर है। गुणवत्ता जांच और किसानों के हितों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इसके साथ ही, संबंधित अधिकारियों को हर हाल में लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया गया।
#धानअधिप्राप्ति #किसान_भुगतान #गया_समाचार #DM_गया #खरीफ_विपणन











