-दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा को लेकर अग्निशमन विभाग ने की बैठक
मुजफ्फरपुर। आगामी दुर्गा पूजा को लेकर अग्निशमन विभाग ने पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला अग्निशमन पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर की अध्यक्षता में जिले के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों के प्रबंधकों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सहायक जिला अग्निशमन पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर तथा अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी मुजफ्फरपुर एवं मोतीपुर समेत विभिन्न पूजा पंडालों के संचालक व प्रबंधक मौजूद रहे। इस दौरान अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने पंडालों में आग से बचाव और आपात स्थिति से निपटने को लेकर आवश्यक सुझाव एवं दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारियों ने पूजा पंडालों में सुरक्षा मानकों का पालन करने, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए आवश्यक तैयारियां रखने पर जोर दिया। साथ ही पंडाल संचालकों से विभागीय निर्देशों का गंभीरता से पालन करने की अपील की गई।
बैठक का उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और आगजनी जैसी घटनाओं की आशंका को कम करना है। अग्निशमन विभाग ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी पूजा समितियों से सतर्कता बरतने का आह्वान किया।












