*मोहर्रम को लेकर मुख्य सचिव ने की बैठक
*जिला नियंत्रण कक्ष पूर्णतया रहेगा सक्रिय
दरभंगा।सम्वाददाता।
मोहर्रम के दौरान विधि-व्यवस्था एवं शांति बनाये रखने के लिए मुख्य सचिव, बिहार श्री आमिर सुबाहनी की अध्यक्षता में पुलिस महानिदेशक, बिहार श्री आर.एस. भट्टी, माननीय मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार,अपर पुलिस महानिदेशक (विधि व्यवस्था) श्री संजय सिंह, अपर पुलिस महानिदेशक (विशेष शाखा) श्री सुनील कुमार, अपर महानिदेशक (विशेष सचिव गृह) श्रीमती के.एस. अनुपम, सभी आयुक्त, सभी जिलाधिकारी, सभी वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मोहर्रम के अवसर पर निकाले जाने वाले जुलूस के दौरान विधि व्यवस्था को लेकर एहतियात बरतने को लेकर को लेकर कई निर्देश दिए गए। निर्देशित किया गया है कि जिले के सभी वरीय पदाधिकारी अपने वाहनों में पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम के साथ तैनात रहेंगे, जुलूस के मार्ग में पड़ने वाले संवेदनशील स्थलों की वीडियोग्राफी कराई जाए, उस दौरान नियंत्रण कक्ष में जो भी शिकायत प्राप्त हो उसे लॉक करते हुए उस पर त्वरित कार्रवाई की जाए। दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 107 के अंतर्गत जारी नोटिस का तमिला कराते हुए संदिग्ध व्यक्तियों से बाउंड डाउन करा लिया जाए। सोशल मीडिया पोस्ट छोटे से छोटे पोस्ट पर भी निगरानी रखी जाए। कांवरिया मार्ग पर पुलिस बल एवं दंडाधिकारी की तैनाती रखी जाए। जुलूस में खासकर के नौजवान और बुजुर्ग लोगों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

यह भी कहा गया कि जुलूस में गणमान्य लोगों साथ रखा जाए ताकि किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न ना हो सके। मोहर्रम के दौरान जिला नियंत्रण कक्ष पूर्णतया सक्रिय रखा जाए एवं शिकायत प्राप्त होने पर शीघ्र रिस्पांस किया जाए। जुलूस के रूट का भौतिक सत्यापन कर लिया जाए कहीं भी जुलूस के रूट में बिजली के झूलते हुए तार या नंगे तार न रहने पाए।
उल्लेखनीय है दरभंगा जिला का जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या : 06272 -240600 है।
उक्त बैठक दरभंगा एन.आई.सी.से आयुक्त दरभंगा प्रमंडल, दरभंगा श्री मनीष कुमार, जिलाधिकारी श्री राजीव रौशन, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री अवकाश कुमार, अपर समाहर्त्ता-सह- जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री अनिल कुमार, पुलिस उपाधीक्षक सदर, विशेष कार्य पदाधिकारी गौरव शंकर उपस्थित थे।











