Advertisement

तीन प्रमुख धार्मिक स्थलों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की कवायद तेज

-तीन प्रमुख धार्मिक स्थलों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की कवायद तेज

मुजफ्फरपुर। मुशहरी और बोचहां प्रखंड के तीन प्रमुख धार्मिक स्थलों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की कवायद तेज हो गई है। पर्यटन विभाग ने मुजफ्फरपुर के जिला पदाधिकारी से इन स्थलों की भूमि के स्वामित्व, नजरी-नक्शा और प्रस्तावित विकास योजना से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट मिलने के बाद इन धार्मिक स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर लाने की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई स्थानीय विधायक बेबी कुमारी द्वारा बिहार विधानसभा में उठाए गए तारांकित प्रश्न के बाद शुरू हुई है। विधायक ने मुशहरी प्रखंड के छपरा मेघ स्थित बाबा दूधनाथ मंदिर, मनिका विशुनपुर चांद स्थित बाबा बनवारी नाथ मंदिर और बोचहां के राधा-कृष्ण मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग की थी।
विधानसभा में उठाए गए सवाल पर हुई प्रगति के तहत पर्यटन विभाग के संयुक्त सचिव ने जिला पदाधिकारी को पत्र भेजकर संबंधित स्थलों की भूमि की स्थिति और विकास योजना की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। विभाग ने इस मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा है, ताकि विधानसभा में दिए गए आश्वासन के अनुरूप समय पर आवश्यक कार्रवाई पूरी की जा सके।


प्रस्तावित विकास योजना के तहत मंदिर परिसरों में भव्य प्रवेश द्वार, सौंदर्यीकरण, आकर्षक लाइटिंग, दर्शन कॉरिडोर, पेयजल, शौचालय, पार्किंग और श्रद्धालुओं के बैठने के लिए शेड जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा प्राचीन पोखरों के जीर्णोद्धार और पक्के घाटों के निर्माण का भी प्रस्ताव है।
छपरा मेघ स्थित बाबा दूधनाथ धाम को स्थानीय लोग बाबा गरीबनाथ मंदिर से भी प्राचीन मानते हैं। पर्यटन विकास की पहल से स्थानीय लोगों में खुशी है। लोगों का मानना है कि इन स्थलों के विकसित होने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर भी पैदा होंगे।