-ढाका अनुमंडलीय अस्पताल का विकास आयुक्त ने किया औचक निरीक्षण, मरीजों से लिया फीडबैक
मोतिहारी/राजन द्विवेदी। बिहार सरकार के विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह ने पूर्वी चंपारण के परिभ्रमण के दौरान ढाका अनुमंडलीय अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव और सहायक समाहर्ता राज कृष्ण झा भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान विकास आयुक्त ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सा पदाधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों से अस्पताल में उपलब्ध बेड, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों व कर्मियों के रोस्टर सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

विकास आयुक्त ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों से भी बातचीत की और उनसे इलाज, दवा तथा अस्पताल में मिल रही अन्य सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज के साथ शालीनता से व्यवहार करें और इलाज के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था के प्रति लोगों का भरोसा मजबूत करना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए।
इसके बाद विकास आयुक्त ने अस्पताल परिसर में संचालित जीविका की रसोई का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया और भोजन की निर्धारित दर के बारे में जानकारी ली।














