Advertisement

डुमरी-पहसौल सड़क पर जानलेवा गड्ढा बना हादसे का कारण

-डुमरी-पहसौल सड़क पर जानलेवा गड्ढा बना हादसे का कारण

-शिकायत के बावजूद नहीं हुई मरम्मत

मुजफ्फरपुर। कटरा प्रखंड के डुमरी से पहसौल जाने वाले मार्ग पर स्थित एक बड़ा और जानलेवा गड्ढा स्थानीय लोगों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस गड्ढे की मरम्मत को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता ने बताया कि उन्होंने साक्ष्य के साथ बिहार सरकार के सहयोग पोर्टल पर इस समस्या की शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, विभाग की ओर से केवल आवेदन का निष्पादन दिखाकर मामले को बंद कर दिया गया, जबकि सड़क पर मौजूद गड्ढे की स्थिति जस की तस बनी हुई है। उन्होंने इसे विभागीय लापरवाही बताते हुए ग्रामीण कार्य विभाग पूर्वी-2 के कार्यपालक अभियंता पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है।


ग्रामीणों का कहना है कि अब यह गड्ढा केवल सड़क क्षति तक सीमित नहीं रह गया है। इसमें मेडिकल कचरा, इस्तेमाल किए गए इंजेक्शन और दवाइयां भी फेंकी जा रही हैं, जिससे संक्रमण और स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ गए हैं।
लोगों का आरोप है कि यदि इस गड्ढे में गिरकर कोई दुर्घटना होती है या किसी की जान जाती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब गड्ढे की मरम्मत कराने और सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बरसात के मौसम में यह गड्ढा और अधिक खतरनाक हो गया है तथा किसी बड़े हादसे की आशंका लगातार बनी हुई है। प्रशासन और विभागीय अधिकारियों की उदासीनता को लेकर लोगों में आक्रोश व्याप्त है।