-ट्रेन की चपेट में आया भालू, वंदे भारत समेत कई ट्रेनों का परिचालन दो घंटे रहा प्रभावित
मुजफ्फरपुर।बगहा-वाल्मीकिनगर रेलखंड पर एक भालू के ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से रेल परिचालन करीब दो घंटे तक बाधित रहा। वन विभाग की जांच और भालू के शव को ट्रैक से हटाने के बाद ही ट्रेनों का आवागमन सामान्य हो सका।
जानकारी के अनुसार, घटना वाल्मीकिनगर और बगहा स्टेशन के बीच अड़गणना टोला के समीप हुई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आवश्यक जांच और औपचारिकताएं पूरी होने तक नरकटियागंज-गोरखपुर रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया।

इसका असर कई महत्वपूर्ण ट्रेनों पर पड़ा। 26502 गोरखपुर–पाटलिपुत्र वंदे भारत एक्सप्रेस समय पर गोरखपुर से रवाना होकर सुबह करीब 7:30 बजे बगहा पहुंची थी, लेकिन घटना के कारण उसे वहीं रोक दिया गया। लगभग दो घंटे बाद सुबह 9:30 बजे ट्रेन रवाना हुई और मुजफ्फरपुर अपने निर्धारित समय सुबह 10:50 बजे के बजाय दोपहर 12:44 बजे पहुंची।
वहीं 12558 सप्तक्रांति एक्सप्रेस को भी बगहा स्टेशन पर करीब तीन घंटे तक रोकना पड़ा। सुबह 6 बजे बगहा पहुंची यह ट्रेन करीब 9:30 बजे आगे रवाना हो सकी, जिसके कारण मुजफ्फरपुर में इसका आगमन निर्धारित समय सुबह 11 बजे के बजाय दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ।
इसके अलावा अंत्योदय एक्सप्रेस सहित कई अन्य ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित रहा और उन्हें विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा। अचानक हुए इस व्यवधान के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, वन विभाग की अनुमति और ट्रैक की सुरक्षा सुनिश्चित होने के बाद रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन सामान्य कर दिया गया।











