-ज्यादा मुनाफे के लालच में युवक से 5.13 लाख की साइबर ठगी, साइबर थाने में केस दर्ज
मुजफ्फरपुर। साइबर अपराधियों के बिछाए जाल में फंसकर ब्रह्मपुरा इलाके के एक युवक को 5 लाख 13 हजार रुपये की चपत लग गई। पीड़ित रवि राज ने इस संबंध में साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, रवि राज के मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से एए गेम नामक एप का लिंक भेजा गया था। लिंक के माध्यम से अधिक पैसा कमाने का लालच दिया गया। इसके बाद जालसाजों ने व्हाट्सएप, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों से संपर्क कर लॉटरी अड्डा, ट्रिपल सेवन बेट और वीसी डबल सेवन जैसे संदिग्ध गेमिंग एवं बेटिंग एप के लिंक भेजे।

साइबर अपराधियों ने भारी मुनाफे का झांसा देकर युवक को निवेश के लिए प्रेरित किया। लालच में आकर रवि राज ने इन एप के जरिए विभिन्न चरणों में कुल 5 लाख 13 हजार रुपये जमा कर दिए। बाद में जब उन्हें ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात जालसाजों के खिलाफ मामला दर्ज कर तकनीकी अनुसंधान शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। साथ ही लोगों से ऑनलाइन गेमिंग, बेटिंग और अधिक मुनाफे के झांसे वाले लिंक से सावधान रहने की अपील की गई है।











