-जीवित पेंशनधारियों को मृत घोषित कर रोकी गई पेंशन, लाभुक परेशान
मुजफ्फरपुर। जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से जुड़े कई लाभुकों को जीवित रहते हुए मृत घोषित कर उनकी पेंशन राशि रोक दिए जाने का मामला सामने आया है। इससे वृद्ध, विधवा एवं दिव्यांग पेंशनधारियों के बीच भारी नाराजगी देखी जा रही है।
लाभुकों का आरोप है कि बिना उचित जांच-पड़ताल के उन्हें सरकारी अभिलेखों में मृत दर्शा दिया गया, जिसके कारण कई महीनों से उनके खाते में पेंशन की राशि नहीं पहुंच रही है। पेंशन बंद होने से गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के सामने आर्थिक संकट गहरा गया हैl

पीड़ित पेंशनधारी लगातार प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों का चक्कर लगाने को मजबूर हैं। कई लाभुकों ने बताया कि आधार सत्यापन एवं दस्तावेज जमा करने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द जांच कर जीवित पेंशनधारियों का नाम पुनः सक्रिय करने और रुकी हुई पेंशन राशि का भुगतान कराने की मांग की है। वहीं संबंधित विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी त्रुटि अथवा सत्यापन प्रक्रिया में हुई गड़बड़ी के कारण ऐसी समस्या उत्पन्न हुई होगी, जिसकी जांच कर सुधार किया जाएगा।












