-जहर खाने से यूपी की युवती की मौत, प्रेमी और उसके परिजनों पर लगाए थे गंभीर आरोप
मुजफ्फरपुर: जिले के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के चक्कर चौक के पास शनिवार को जहर खाने के बाद अचेत मिली उत्तर प्रदेश के संत कबीरनगर की 26 वर्षीय युवती मुन्नी कुमारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। एसकेएमसीएच में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। रविवार को मृतका की मां सुभावती देवी और अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे। बेटी की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
मृतका की मां ने बताया कि मुन्नी दो दिन पहले घर से निकली थी। वह गोरखपुर की एक निजी कंपनी में काम करती थी। घर से निकलने के बाद वह कहां गई और मुजफ्फरपुर कैसे पहुंची, इसकी जानकारी परिवार को नहीं थी।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को मुन्नी चक्कर चौक के पास सड़क किनारे अचेत अवस्था में मिली थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे एसकेएमसीएच रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, अचेत अवस्था में मुन्नी ने बताया था कि वह मुजफ्फरपुर में रहने वाले अपने प्रेमी के घर आई थी। आरोप है कि प्रेमी और उसके परिजनों ने उसे घर में रखने से इनकार कर दिया था। युवती ने यह भी आरोप लगाया था कि उसे जहर खाकर मर जाने के लिए कहा गया। इसके बाद उसने जहर खा लिया। हालांकि, युवती के इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मुन्नी गोरखपुर की एक निजी कंपनी में काम करती थी। उसी कंपनी में मुजफ्फरपुर का एक युवक भी कार्यरत था। इसी दौरान दोनों के बीच जान-पहचान हुई और बाद में प्रेम संबंध बन गए थे।
मृतका की मां सुभावती देवी ने बताया कि मुन्नी का करीब एक साल पहले तलाक हो गया था। इसके बाद परिवार उसकी दूसरी शादी के लिए लड़का तलाश रहा था। मां के अनुसार, बेटी के प्रेम संबंध और मुजफ्फरपुर आने की उन्हें कोई जानकारी नहीं थी। घर से निकलने के बाद उससे संपर्क भी नहीं हो पाया था।
काजी मोहम्मदपुर थाने के दारोगा अनुपम सिन्हा ने बताया कि घटना के दौरान युवती के मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया था। इसके बाद संबंधित व्यक्ति और परिजनों को सूचना दी गई। घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर जांच कराई गई थी। फिलहाल पुलिस प्रेमी की भूमिका, मोबाइल कॉल डिटेल और युवती के मुजफ्फरपुर पहुंचने से लेकर घटना तक के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही मामले की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।












