-असमाजिक तत्वों ने उत्पाद विभाग की टीम पर हमला कर तोड़ा शीशा
अंंजुम। पटना/जमुई।
जमुई के खैरा थाना क्षेत्र के बड़ीबाग मोड़ के पास मंगलवार की रात असामाजिक तत्वों ने उत्पाद विभाग टीम को सड़क पर जेसीबी लगाकर हमला कर दिया। इस दौरान चारों ओर से वाहनों पर जमकर पथराव किया गया। जिससे स्कार्पियो वाहन का शीशा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। इस पत्थराव में चालक और कुछ उत्पाद कर्मी को हल्की चोटें आई हैं। बाकी लोग बाल-बाल बच गए। बताया जाता है कि हमेशा की तरह मंगलवार की देर शाम उत्पाद विभाग की टीम शराब के विरुद्ध छापेमारी करने के लिए गिद्धेश्वर की ओर गई थी। उसके बाद फिर लौटने के दौरान जैसे ही उत्पाद विभाग की टीम की स्कार्पियो बड़ीबाग चौक के करीब पहुंची।

इसी दौरान सड़क के बीचो-बीच जेसीबी लगा दिया गया। उसके बाद लगभग छह दर्जन से अधिक नकाबपोश लोगों के द्वारा उत्पाद विभाग की वाहनों को चारों ओर से घेर लिया गया । फिर अचानक पत्थराव किया जाने लगा। काफी देर तक यह सिलसिला चलता रहा। इस दौरान उत्पाद विभाग की टीम भी दहशत में आ गई। फिर किसी तरह उत्पाद विभाग की टीम मौका- ए- वारदात से बचकर निकली और उत्पाद थाना पहुंची। घटना क्यों की गई, किसने कि है इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है। सड़क को जेसीबी से अवरुद्ध कर हमला करने मामले में बालू माफियाओं की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल उत्पाद विभाग के सभी कर्मी सुरक्षित हैं।
















