मुजफ्फरपुर: जनवादी संघर्ष मोर्चा ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का पुतला फूंका
-भारतीय प्रवासियों के अमानवीय व्यवहार का विरोध
मुजफ्फरपुर: जनवादी संघर्ष मोर्चा के तत्वाधान में आज मुजफ्फरपुर के कल्याणी चौक पर एक विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का पुतला दहन किया गया। यह प्रदर्शन मोहम्मद इश्तेयाक और रामनरेश राम के नेतृत्व में हुआ, जो अमेरिका से भारत भेजे गए भारतीय प्रवासियों के साथ किए गए अमानवीय व्यवहार का विरोध कर रहे थे।
विरोध सभा को सम्बोधित करते हुए, तिरहुत स्नातक विधान पार्षद वंशीधर ब्रजवासी ने कहा कि यह सब भारत सरकार की विफल विदेश नीति का परिणाम है, जिसके चलते अमेरिका ने भारतीय नागरिकों को पैरों और हाथों में जंजीर डालकर, उन्हें सेना के विमान में भरकर भारत भेजा। उन्होंने कहा कि भारत सरकार और विदेश मंत्रालय की ओर से अब तक इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई, जो निंदनीय है।
प्रभात कुमार प्रभाकर ने कहा कि भारत सरकार से ज्यादा कोलम्बिया और मैक्सिको ने अमेरिकी विमान को वापस लौटा दिया, और कनाडा ने अमेरिकी उत्पादों और अमेरिकी सरकार के खिलाफ विरोध किया। उन्होंने कहा कि भारत को भी इस तरह का रूख अपनाना चाहिए।

मोहम्मद इश्तेयाक ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अपने प्रचार में व्यस्त है, जबकि भारत की अर्थव्यवस्था, विदेश नीति, और भ्रष्टाचार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि डोनाल्ड ट्रम्प ने यूनाइटेड नेशन ह्यूमन राइट्स कमीशन से अमेरिका की सदस्यता समाप्त कर दी और मानवाधिकार कानून के उल्लंघन से बचने के लिए विदेशी नागरिकों को देश से बाहर भेजना शुरू किया है।
राम नरेश राम ने भारत सरकार से विदेश मंत्रालय को संज्ञान लेने की अपील की और कहा कि भारतीय नागरिकों के साथ किए गए इस अमानवीय और बर्बर व्यवहार पर तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए।
आनंद पटेल ने कहा कि भारत सरकार को इस मामले को संयुक्त राष्ट्र में उठाना चाहिए। इस विरोध प्रदर्शन में लखन लाल निषाद, दीनबंधु क्रान्तिकारी, सतीश पाठक, नवीन कुमार, फहद आजम, रमेश पासवान, नरेश सहनी, रंजीत रजक, विकास कुमार, विनय कुमार चुन्नू, मुनिंद्रा झा, राजन निषाद, कुंदन कुमार सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।
#MuzaffarpurNews #ProtestAgainstTrump #IndianDiaspora #HumanRights #DonaldTrump #BiharNews #BreakingNews











