Advertisement

जनगणना-2027 के लिए अधिकारियों और कर्मियों का प्रशिक्षण शुरू, 25 जनवरी से 28 फरवरी तक होगी जनसंख्या गणना

-जनगणना-2027 के लिए अधिकारियों और कर्मियों का प्रशिक्षण शुरू, 25 जनवरी से 28 फरवरी तक होगी जनसंख्या गणना

मुजफ्फरपुर। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या परिगणना के सफल संचालन को लेकर शुक्रवार को मुजफ्फरपुर समाहरणालय में जिला एवं चार्ज स्तरीय पदाधिकारियों और सरकारी कर्मियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी कुमार गौरव ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्रशिक्षण 30 अक्टूबर से 4 नवंबर तक तीन बैचों में आयोजित किया जाएगा।

प्रशिक्षण में जनगणना निदेशालय द्वारा नामित राज्य स्तरीय प्रशिक्षण-सह-नोडल पदाधिकारी नीतू कुमारी और मोनी शर्मा ने अधिकारियों एवं कर्मियों को जनगणना की प्रक्रिया, तकनीकी कार्यप्रणाली और जिम्मेदारियों की जानकारी दी। इस दौरान स्वयं गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा पर विशेष जोर दिया गया। इसके माध्यम से नागरिक ऑनलाइन अपनी आवश्यक जानकारियां दर्ज कर सकेंगे। प्रशिक्षकों ने प्रेजेंटेशन के जरिए इस सुविधा के उपयोग और कार्यप्रणाली को विस्तार से समझाया।

इसके अलावा ईवी स्प्लिटिंग और जनसंख्या गणना के लिए विकसित मोबाइल ऐप के संचालन, विभिन्न फीचर्स और डेटा प्रविष्टि की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। बताया गया कि जनसंख्या परिगणना का कार्य पूरी तरह डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। इसकी निर्धारित अवधि 25 जनवरी से 28 फरवरी तक होगी। जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 8(1) के तहत प्रत्येक नागरिक या परिवार से निर्धारित 40 बिंदुओं पर सूचनाएं एकत्र की जाएंगी।

प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना के कार्य को सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराना है। जिलाधिकारी ने सभी चार्ज पदाधिकारियों को जनगणना के व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश दिया, ताकि आम नागरिकों को स्वयं गणना सहित पूरी प्रक्रिया की जानकारी मिल सके। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी निष्ठा के साथ कार्य संपादित करने को कहा।