-जनकपुरधाम में हर्क राई के जानकी मंदिर दर्शन का कार्यक्रम रद्द, हिंदू संगठनों के विरोध के बाद नहीं मिला प्रवेश
जनकपुरधाम/मधुकर।। नेपाल के जनकपुरधाम स्थित प्रसिद्ध जानकी मंदिर में मंगलवार को श्रम संस्कृति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हर्क राई (साम्पाङ) के प्रस्तावित दर्शन कार्यक्रम को हिंदू संगठनों के तीव्र विरोध के कारण रद्द करना पड़ा। हिंदू सम्राट सेना समेत विभिन्न हिंदू संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर और मुख्य प्रवेश द्वार पर एकत्र होकर उनके खिलाफ नारेबाजी की और मंदिर में प्रवेश का विरोध किया।
मौके पर श्रम संस्कृति पार्टी के समर्थकों और विरोध कर रहे हिंदू संगठनों के कुछ कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़प भी हुई। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की।

सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने के बावजूद बढ़ते विरोध को देखते हुए हर्क राई ने जानकी मंदिर जाने का कार्यक्रम रद्द कर दिया।
इसके बाद हर्क राई जनकपुरधाम के एक होटल में आयोजित श्रम संस्कृति पार्टी के मधेश प्रदेश स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए, जहां उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
हिंदू संगठनों का कहना है कि हाल के दिनों में हर्क राई द्वारा दिए गए कुछ सार्वजनिक बयानों से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। विरोध कर रहे संगठनों के अनुसार, उन्होंने कथित तौर पर गोमांस खाने पर आपत्ति नहीं होने, नेपाल के राष्ट्रीय पशु को बदलने तथा ईसाई धर्म को लेकर विवादित टिप्पणियां की थीं। इन्हीं बयानों के विरोध में उन्हें जानकी मंदिर में प्रवेश नहीं करने देने का निर्णय लिया गया।
फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम के बाद जनकपुरधाम में सुरक्षा व्यवस्था सतर्क रखी गई है। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखने की बात कही है।











