-एसकेएमसीएच के मातृ-शिशु सदन में आग की अफवाह से मची अफरातफरी, जांच के आदेश
मुजफ्फरपुर। श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) के मातृ-शिशु सदन में मंगलवार को आग लगने की अफवाह फैलने से कुछ देर के लिए अफरातफरी और भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि, जांच में आग लगने की कोई घटना सामने नहीं आई और स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक अस्पताल परिसर में आग लगने की सूचना फैलते ही वार्ड में भर्ती गर्भवती महिलाओं के परिजन घबरा गए। कई लोग मरीजों को लेकर जल्दबाजी में वार्ड से बाहर निकलने लगे, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही अस्पताल प्रबंधक संजय कुमार शाह सुरक्षा गार्डों और सुपरवाइजर के साथ मौके पर पहुंचे।

उन्होंने तत्काल स्थिति का जायजा लिया और मरीजों व उनके परिजनों को समझाया कि अस्पताल में कहीं भी आग नहीं लगी है और यह केवल एक अफवाह है। सुरक्षा कर्मियों की तत्परता से स्थिति पर जल्द ही काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसकेएमसीएच के अधीक्षक डॉ. महेश प्रसाद ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने सुरक्षा प्रभारियों को निर्देश दिया है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील संस्थान में इस तरह की अफवाह फैलाने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
अस्पताल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और किसी भी आपात स्थिति में केवल अस्पताल प्रशासन या अधिकृत अधिकारियों से मिली जानकारी पर ही भरोसा करें।











