Advertisement

चक्कर चौक पर भीषण सड़क हादसा, ICU इंचार्ज डॉक्टर शशांक सिंह की मौत; सड़क पर फैली गिट्टी-बालू बनी हादसे की वजह

-चक्कर चौक पर भीषण सड़क हादसा, ICU इंचार्ज डॉक्टर शशांक सिंह की मौत; सड़क पर फैली गिट्टी-बालू बनी हादसे की वजह

मुजफ्फरपुर।काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के चक्कर चौक पर सोमवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में मझौलिया चौक स्थित आशा हॉस्पिटल के ICU इंचार्ज डॉक्टर शशांक सिंह (30) की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों और अस्पताल कर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक मूल रूप से वैशाली जिले के जैतीपुर गांव के रहने वाले थे और वर्तमान में गन्नीपुर मिश्रा टोला में रह रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार, डॉ. शशांक सोमवार तड़के अपने गन्नीपुर स्थित आवास से बुलेट बाइक पर सवार होकर अस्पताल में ड्यूटी के लिए निकले थे। चक्कर चौक के पास सड़क पर फैली गिट्टी और बालू के कारण उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल डॉ. शशांक को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल ले गई। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।


हादसे के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है। परिजनों का आरोप है कि चक्कर चौक पर नाला निर्माण करा रही एजेंसी की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। उनका कहना है कि नाला निर्माण के लिए गिट्टी और बालू को सड़क के बड़े हिस्से में फैलाकर छोड़ दिया गया था। मौके पर न तो पर्याप्त बैरिकेडिंग की गई थी और न ही रेडियम संकेतक लगाए गए थे। निर्माण सामग्री सड़क पर बिखरी रहने के कारण राहगीरों को परेशानी हो रही थी और दुर्घटना का खतरा बना हुआ था।
स्थानीय लोगों ने भी निर्माण एजेंसी और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सड़क पर सुरक्षा मानकों का पालन कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर आने-जाने वाले वाहनों की सुरक्षा के लिए उचित व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।
घटना की सूचना पर काजीमोहम्मदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी है।