-चकसिकंदर रेलवे स्टेशन पर अंडरपास निर्माण को लेकर आंदोलन का ऐलान, 9 जुलाई को धरना-सभा होगी
राजापाकर (वैशाली)। महान स्वतंत्रता सेनानी अक्षयवट राय छात्रावास सेवा समिति की ओर से राजापाकर प्रखंड के कल्याणपुर गांव स्थित रामजानकी मठ परिसर में आम जनता की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शंभू प्रसाद सिंह ने की, जबकि संचालन सेवा समिति के अध्यक्ष वीर बहादुर सिंह ने किया।
बैठक में सोनपुर रेल मंडल के हाजीपुर–बछवारा रेलखंड स्थित चकसिकंदर रेलवे स्टेशन के समीप संपर्क संख्या 41सी पर अंडरपास निर्माण के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि अंडरपास निर्माण के लिए मंडल रेल प्रबंधक, पूर्व मध्य रेलवे सोनपुर, रेल मंत्रालय तथा जनप्रतिनिधियों का कई बार ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। इसे लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अंडरपास निर्माण पूरा होने तक चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा। आंदोलन के प्रथम चरण के तहत 9 जुलाई 2026 को चकसिकंदर रेलवे स्टेशन परिसर में धरना-सभा आयोजित कर संबंधित अधिकारियों को अंडरपास निर्माण की मांग का ज्ञापन सौंपा जाएगा।
आंदोलन के नियमित संचालन के लिए एक कमेटी का भी गठन किया गया। इसमें शंभू प्रसाद सिंह को अध्यक्ष, तपेश्वर सिंह को उपाध्यक्ष, अर्जुन प्रसाद राय को सचिव, सिताब लाल सहनी को उपसचिव, नंदलाल राय को कोषाध्यक्ष, नवल किशोर राय को महासचिव तथा मजे लाल राय को संरक्षक बनाया गया। इसके अलावा डॉ. रंजीत कुमार, शंभू कुमार, अरविंद कुमार, कैलाश राय, शिवाजी राय, मिथिलेश कुमार राय, हेमनारायण राय, दिलीप राय, जितेंद्र शर्मा, चंदेश्वर सिंह, रामानंद पासवान समेत कुल 41 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से प्रखंड समाजसेवी वीर बहादुर सिंह को पूरे आंदोलन और कमेटी के नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी गई। समिति के सदस्यों ने स्पष्ट किया कि जब तक चकसिकंदर रेलवे स्टेशन के समीप अंडरपास का निर्माण नहीं हो जाता, तब तक उनका आंदोलन लगातार जारी रहेगा।












