चंपारण की खबर::
भाजपा अमीरों को अमीर और गरीबों को और गरीब बना रही है: गप्पू राय
– कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कई नामचीन लोगों को दिलाया पार्टी की सदस्यता और शपथ
मोतिहारी/ राजन द्विवेदी।
जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष ई० शशिभूषण राय उर्फ गप्पू राय की अध्यक्षता में आज जिला कांग्रेस कार्यालय बंजरिया पंडाल में सदस्यता अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस सदस्यता अभियान कार्यक्रम में डॉ० असलम परवेज, मो० सरफराज अहमद उर्फ पहलवान जी, मोतीलाल यादव सहित दर्जनों लोगों ने जिलाध्यक्ष ई० शशिभूषण राय के हाथों सदस्यता ग्रहण करते हुए कांग्रेस को मजबूत करने और उसकी जनहित नीतियों को आमजन तक पहुंचा कर लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया। साथ ही नये सदस्यों ने बताया कि देश की आजादी से लेकर देश के विकास में कांग्रेस के अब तक के योगदान को नई पीढ़ी के युवाओं को बताने के लिए अभियान चलाया जाएगा। कांग्रेस की कुर्बानी को याद कराया जाएगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ई शशि भूषण राय उर्फ गप्पू राय ने कहा कि जन-जन के नेता राहुल गांधी जी के द्वारा संचालित भारत जोड़ो यात्रा के पहली वर्ष गाठ पर कल जिला काँग्रेस कमिटी ने जुड़ेगा भारत जीतेगा इंडिया पदयात्रा निकाला गया।

आगे कहा कि लूट भाजपा के डीएनए में मौजूद है और उनकी रिवर्स रॉबिनहुड हरकतें अमीरों को और अमीर और गरीबों को और गरीब बना रही है। क्या यह बहुत आश्चर्य की बात नहीं है कि हमारे प्रधानमंत्री, जिन्होंने एलपीजी सिलेंडर सहित सभी आवश्यक वस्तुओं की अत्यधिक कीमत में वृद्धि के कारण अपने लोगों और उनकी पीड़ा को कभी परवाह नहीं की। एलपीजी सिलेंडर की कीमत 2014 से लगातार बढ़ी है और पिछले 7 वर्षाे में दोगुनी हो गई है और 2020 से भाजपा सरकार ने सब्सिडी देना भी बंद कर दिया है। सिर्फ हमारी उज्ज्वला बहनों से ही 2017 से अब तक मोदी जी ने 68,702.76 करोड़ (अड़सठ हजार सात सौ करोड़) लूट लिए।
वहीं आजादी के बाद से 2014 तक हर भारतीय नागरिक पर 42 हजार रूपये का कर्ज था मोदी सरकार के 09 सालो में हर भारतीय पर 1.30 लाख रूपया कर्ज है। मोदी सरकार ने अडानी के 4.5 लाख करोड़ का कर्ज माफ किया और किसानो का एक रूपया भी नही माफ किया।
वही मनमोहन सरकार ने 72 हजार करोड़ रूपया किसानो का माफ कर दिया था। मौके पर कांग्रेस नेता प्रो(डॉ०) विजयशंकर पाण्डेय, मुमताज अहमद, अखिलेश्वर प्रसाद यादव उर्फ भाई जी, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ० जियाउल हक, कांग्रेस नेत्री डॉ० कुमकुम सिन्हा, कांग्रेस नेता संजीव सिंह उर्फ टुन्नी सिंह,ओसैदूर रहमान खान, ब्रजेन्द्र तिवारी, रोहित सिंह सहित दर्जनों नेता उपस्थित रहे।












