Advertisement

चंद्रशील विद्यापीठ बना ओवरऑल चैंपियन, जूनियर जिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता संपन्न

-चंद्रशील विद्यापीठ बना ओवरऑल चैंपियन, जूनियर जिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता संपन्न

-मुजफ्फरपुर में 55 से अधिक विद्यालयों और क्लबों के 750 से ज्यादा खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
-अंडर-14 और अंडर-16 की 38 स्पर्धाओं में दिखाया दमखम

मुजफ्फरपुर, 24 अक्टूबर। मुजफ्फरपुर जिला एथलेटिक्स संघ की ओर से लंगट सिंह कॉलेज मैदान में आयोजित प्रथम डॉ. डी.एन. सिंह स्मृति जूनियर जिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता शनिवार को संपन्न हो गई। प्रतियोगिता में चंद्रशील विद्यापीठ स्कूल, कांटी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं, स्वामी विवेकानंद क्रीड़ा एवं योग संस्थान ओवरऑल उपविजेता बना।
स्वर्गीय डॉ. देवी नंदन सिंह ‘आनंद’ को पुष्पांजलि अर्पित कर प्रतियोगिता की शुरुआत की गई। इसमें 55 से अधिक विद्यालयों एवं क्लबों के 750 से ज्यादा खिलाड़ियों ने भाग लिया। अंडर-14 और अंडर-16 आयु वर्ग में कुल 38 स्पर्धाओं का आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।


समापन समारोह में मुख्य अतिथि श्रीमती मंजुला सिंह उपस्थित रहीं। इस अवसर पर कमांडर शशांक शेखर, एमडी, पीएमसीएच, संघ के संरक्षक अनिल कुमार सिंह, मोनी सिंह और पूर्व सचिव शशि भूषण सिन्हा ने विजेता खिलाड़ियों को पदक, प्रमाणपत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
अंडर-14 वर्ग की ट्रायथलॉन स्पर्धा में अंकुश कुमार सिंह और अनुप्रिया ने ट्रायथलॉन-ए, आयुष राज और आयुषी कुमारी ने ट्रायथलॉन-बी तथा बंटी कुमार और कनक कुमारी ने ट्रायथलॉन-सी में स्वर्ण पदक हासिल किया। किड्स जैवलिन स्पर्धा में आयुष कुमार और अनामिका कुमारी विजेता बने।
अंडर-16 वर्ग में 60 मीटर दौड़ में शिवम कुमार और खुशी चौधरी ने स्वर्ण पदक जीता। 600 मीटर दौड़ में शिवम कुमार और रुचिका कुमारी, 80 मीटर हर्डल्स में वैभव कौशिक और खुशी चौधरी ने पहला स्थान प्राप्त किया। हाई जंप में सम्राट सिंह और अनन्या सिंह, लॉन्ग जंप में अजय कुमार और सूर्या राज, शॉट पुट में आदित्य कुमार और संजना यादव तथा जैवलिन थ्रो में गौरव कुमार और संजना यादव स्वर्ण पदक विजेता बने।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर आगामी NIDJAM 2026 के लिए मुजफ्फरपुर जिला टीम की घोषणा की जाएगी। यह प्रतियोगिता 14 से 16 नवंबर तक हैदराबाद में आयोजित होगी। जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव मृत्युंजय कुमार सिंह ने इसकी जानकारी दी।