-घोसरामा में श्रीसीताराम अष्टयाम महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा को लेकर भव्य कलश यात्रा, 551 कन्याओं ने लिया भाग
मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक तिवारी।
नवयुवक नाट्य कला परिषद सह सांस्कृतिक मंच के तत्वावधान में श्री सीताराम नाम अष्टयाम महायज्ञ के 56वें अधिवेशन एवं श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ को लेकर गुरुवार को घोसरामा गांव में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, जिससे पूरा इलाका भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।
कलश यात्रा का नेतृत्व पंडित फुलकांत झा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया। इस दौरान 551 कन्याओं ने रतवारा-रैनी घाट से जलबोझी कर कलश उठाए और शोभायात्रा के रूप में यज्ञ स्थल घोसरामा पहुंचकर विधिवत कलश स्थापना की। यात्रा में घोड़ा, हाथी, रथ तथा पारंपरिक बाजे-गाजे शामिल रहे, जिसने धार्मिक उल्लास को और भी भव्य बना दिया।

आयोजकों के अनुसार, कलश स्थापना के उपरांत 23 जनवरी को मां शारदे के पूजनोत्सव के साथ श्री सीताराम महाधुन का शुभारंभ होगा। वहीं 24 जनवरी की रात्रि में श्री सीताराम विवाह महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 25 जनवरी से 31 जनवरी तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा।
श्रीमद्भागवत कथा का वाचन वृंदावन से पधारी सुप्रसिद्ध कथा प्रवाचिका निकुंज मंजरी चंचला दीदी द्वारा किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं को कथा का दिव्य रसपान कराएंगी। कलश यात्रा के दौरान प्रखंडवासियों का उत्साह और सहयोग सराहनीय रहा।
इस अवसर पर नवयुवक नाट्य कला परिषद सह सांस्कृतिक मंच के अध्यक्ष नवीन कुमार, उपाध्यक्ष राजीव कुमार, कोषाध्यक्ष संजीव कुमार सहित आनंद मोहन गोलू, सुशील ठाकुर, विद्यानंद ठाकुर, संतोष सिंह, आलोक ठाकुर, दीपक, शुभम, राजन समेत अन्य सदस्यगण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।












