Advertisement

घर के दरवाजे पर खेल रहे चार साल के मासूम पर आवारा कुत्ते का हमला

-घर के दरवाजे पर खेल रहे चार साल के मासूम पर आवारा कुत्ते का हमला

-सिर-हाथ और कंधे को नोचा

मुजफ्फरपुर। शहर में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन कुत्तों के हमले में लोग घायल हो रहे हैं। ताजा मामला नगर थाना क्षेत्र के बड़ी करबला से सामने आया है, जहां घर के दरवाजे पर खेल रहे चार साल के मासूम पर अचानक आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चे के सिर, हाथ और कंधे को बुरी तरह नोच दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद बच्चे के चीखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे कुत्ते के चंगुल से बाहर निकाला। इसके बाद घायल बच्चे को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायल बच्चे की पहचान बड़ी करबला निवासी मो. जोहैद (4) के रूप में हुई है। वह मो. नदीम का पुत्र है। बताया गया कि जोहैद घर के दरवाजे पर एक अन्य बच्चे के साथ खेल रहा था। इसी दौरान अचानक एक आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने उसके सिर, हाथ और कंधे को नोच डाला।
बच्चे के पिता मो. नदीम ने बताया कि उन्हें जैसे ही कुत्ते के हमले की जानकारी मिली, वह दौड़कर मौके पर पहुंचे। उस समय उनका बेटा लहूलुहान हालत में पड़ा था। स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को कुत्ते से बचाया गया और इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।


घटना के बाद इलाके के लोगों में आवारा कुत्तों को लेकर काफी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन आवारा कुत्तों के हमले की घटनाएं सामने आती रहती हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों में डर का माहौल है। लोगों का आरोप है कि नगर निगम की ओर से समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
मो. नदीम ने कहा कि यदि आवारा कुत्तों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को अब बच्चों को घर के बाहर खेलने भेजने में भी डर लगने लगा है।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम से आवारा कुत्तों के आतंक पर रोक लगाने के लिए तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।