Advertisement

गुठी-कुटी की जमीन पर बने घर हटाने की प्रक्रिया रोकने की मांग, जनकपुरधाम में प्रदर्शन

-गुठी-कुटी की जमीन पर बने घर हटाने की प्रक्रिया रोकने की मांग, जनकपुरधाम में प्रदर्शन

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। गुठी और कुटी की जमीन पर वर्षों से रह रहे परिवारों के घरों और झोपड़ियों को हटाने की प्रक्रिया रोकने की मांग को लेकर शुक्रवार को जनकपुरधाम में विरोध प्रदर्शन किया गया। गुठी और कुटी हाउसिंग एंड लैंड मैनेजमेंट फेडरेशन कमेटी, धनुषा के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने गुठी से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान समिति के सदस्यों ने गुठी और धनुषा-3 के सांसद मनीष झा के खिलाफ भी नारेबाजी की। इसके बाद सीडीओ कार्यालय धनुषा, जनकपुरधाम उपमहानगरपालिका और गुठी कार्यालय, जनकपुरधाम को ज्ञापन सौंपा गया।

समिति के अनुसार, 22 जेठ 2082 को गुठी संस्थान केंद्रीय कार्यालय के निर्णय के बाद धनुषा में गठित समिति की रिपोर्ट के आधार पर ऐतिहासिक तालाबों, मठों, पाटी-पौवा और गुठी रैतानी भूमि की पहचान एवं प्रबंधन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। इसी बीच गुठी और कुटी की जमीन पर बने घरों एवं झोपड़ियों को हटाने की सूचना सार्वजनिक होने से हजारों परिवारों में विस्थापन की आशंका पैदा हो गई है।

समिति ने बताया कि वर्ष 2068 और उससे पहले से ही गुठी से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन कार्यालय और गुठी संस्थान को ज्ञापन दिया जाता रहा है। समिति का दावा है कि गुठी संस्थान, सर्वेक्षण कार्यालय और भूमि राजस्व कार्यालय की संयुक्त टीम ने स्थल निरीक्षण कर विभिन्न प्रकार की जमीन की माप एवं नक्शे का सत्यापन भी किया है।

समिति ने मांग की है कि गुठी भूमि प्रबंधन की वर्तमान प्रक्रिया तत्काल रोकी जाए और दशकों से वहां रह रहे परिवारों को विस्थापित करने के बजाय उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान निकाला जाए।